अब तक भ्रामक सूचना प्रसारित करने पर पंजीकृत हुए हैं 4 अभियोग।
जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस की सोशल मीडिया मॉनीटरिंग सैल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मॉनीटरिंग के दौरान पाया गया कि Nitin Soni नामक यूजर द्वारा अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘thecurlypoet’ के माध्यम से श्री केदारनाथ यात्रा 2026 की व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में एक भ्रामक वीडियो (रील) प्रसारित किया गया है।
उक्त यूजर द्वारा प्रसारित वीडियो में यह दावा किया जा रहा था कि गुजरात के एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत खराब होने पर प्रशासन और मैनेजमेंट द्वारा कोई सहायता प्रदान नहीं की गई है। रील में यह आरोप लगाया गया कि वीआईपी प्रोटोकॉल के कारण चॉपर उपलब्ध होने के बावजूद मदद नहीं मिली और लोग पैसा बनाने के लिए दस गुना दाम वसूल रहे हैं।
पुलिस जांच और उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है। दिनांक 22.04.2026 को गुजरात निवासी दिलीप भाई मन्नू माली की श्री केदारनाथ धाम में तबीयत खराब होने पर प्रशासन द्वारा उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था। चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित किए जाने के पश्चात, प्रशासन द्वारा पूर्ण संवेदनशीलता के साथ शव को आवश्यक कार्यवाही हेतु हेलीकॉप्टर के माध्यम से गुप्तकाशी भिजवाया गया था।
सोशल मीडिया पर अपने व्यूअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार व जिला प्रशासन की छवि खराब करने और केदारनाथ यात्रा पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाली इस प्रकार की भ्रामक सूचना फैलाने पर पुलिस ने कड़ा संज्ञान लेकर कोतवाली सोनप्रयाग में इंस्टाग्राम यूजर Nitin Soni के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 353(1)(b) एवं 353(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस सभी सोशल मीडिया यूजर्स से अपील करती है कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए भ्रामक और सनसनीखेज खबरें साझा न करें। भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।









