26.9 C
Dehradun
Sunday, March 15, 2026


Home Blog Page 19

एफआरआई देहरादून में 9 नवम्बर को होगा उत्तराखण्ड रजत जयंती उत्सव का मुख्य कार्यक्रम।

0

*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तैयारियों का निरीक्षण किया*

उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 9 नवम्बर को प्रदेशभर में भव्य रजत जयंती उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम देहरादून स्थित फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विधानसभा के विशेष सत्र में प्रतिभाग करने के उपरांत सीधे एफआरआई पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, यातायात प्रबंधन, सांस्कृतिक मंच और स्वागत तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस का यह ऐतिहासिक अवसर गरिमामय और व्यवस्थित तरीके से मनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की 25 वर्ष की विकास यात्रा, संघर्ष और उपलब्धियों का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सान्निध्य में यह रजत जयंती समारोह प्रदेश के लिए प्रेरणादायक अवसर होगा।

इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरुप, अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी एवं शासन – प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

रुद्रप्रयाग जिला सभागार में छठे राज्य वित्त आयोग की बैठक सम्पन्न — पंचायतों की वित्तीय सुदृढ़ता पर हुआ मंथन

0

रुद्रप्रयाग ।आज रुद्रप्रयाग जिला सभागार में छठे राज्य वित्त आयोग की टीम द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायतों की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करना और स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना रहा।

बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव श्री एन. रविशंकर ने की तथा अन्य सदस्य सेवानिवृत्त सचिव श्री पी. एस. जंगपांगी, पूर्व सचिव डॉ. एम. सी. जोशी, ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की।

बैठक में आयोग के सदस्यों ने पंचायतों को प्राप्त होने वाले सहायता अनुदान, राजस्व वितरण, कर संग्रहण, एवं वित्तीय पारदर्शिता से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं, इसलिए उन्हें वित्तीय दृष्टि से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है।

पंचायत प्रतिनिधियों ने आयोग के समक्ष विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के संचालन हेतु समयबद्ध वित्तीय आवंटन, तकनीकी मार्गदर्शन और मानव संसाधन की उपलब्धता आवश्यक है। प्रतिनिधियों ने यह भी सुझाव दिया कि योजनाओं के स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया को और सरल तथा ऑनलाइन किया जाए, ताकि विकास कार्यों में गति लाई जा सके।

आयोग के अध्यक्ष श्री एन. रविशंकर ने कहा कि राज्य वित्त आयोग का उद्देश्य पंचायतों को वित्तीय स्वायत्तता प्रदान करना और स्थानीय निकायों की जरूरतों के अनुरूप नीतियां बनाना है। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों को आयोग की अनुशंसा रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा, जिससे राज्य स्तर पर बेहतर नीतिगत निर्णय लिए जा सकें।

बैठक के अंत में आयोग के सदस्यों ने जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आयोग के सुझावों के अनुरूप पंचायतें भविष्य में और अधिक प्रभावी ढंग से ग्रामीण विकास में योगदान देंगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत,उपाध्यक्ष रितु नेगी, जिला पंचायत सदस्य/भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

*

एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ रुद्रप्रयाग में भव्य “यूनिटी मार्च” का आयोजन।

0

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राज्य स्थापना की रजत जयंती पर जनपद मुख्यालय पर आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम*

*जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने किया रैली का शुभारंभ, जनमानस ने दिखाया एकता और देशभक्ति का उत्साह*

राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती तथा उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में आज दिनांक 03 नवंबर, 2025 को जनपद रुद्रप्रयाग में “सरदार@150” कैंपेन के तहत “यूनिटी मार्च” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

*रैली का शुभारंभ और भव्य मार्च*

रैली का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे पेट्रोल पंप केदारनाथ तिराहा, रुद्रप्रयाग से जिलाधिकारी प्रतीक जैन द्वारा फ्लैग-ऑफ कर किया गया। यह मार्च मुख्य बाजार मार्ग से होता हुआ गुलाबराय मैदान में जाकर संपन्न हुआ।

इस दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, युवा, शिक्षकगण, अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मार्च में 100 मीटर लंबा तिरंगा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।

मार्च के दौरान उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली — ढोल, दमाऊ और मुश्कबीन की ताल पर “भारत माता की जय”, “एकता अमर रहे” तथा “सरदार पटेल अमर रहें” जैसे जोशीले नारे गूंजे। प्रतिभागियों ने बैनर और तख्तियों के माध्यम से “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया।

*गुलाबराय मैदान में हुआ सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह*

रैली के गुलाबराय मैदान पहुंचने के उपरांत विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। अन्य अधिकारियों द्वारा भी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया गया।

महिला समूहों ने स्वागत गीतों के माध्यम से कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात सूचना विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के सांस्कृतिक दलों ने सरदार पटेल के जीवन और कार्यों पर आधारित नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

*जिलाधिकारी का संबोधन – “सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में बांधा”*

कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा “सरदार पटेल ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने स्वतंत्रता के पश्चात अनेक रियासतों में बंटे भारत को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्र को सशक्त दिशा दी। हम सबको उनके आदर्शों पर चलकर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।”

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग संतोष रावत, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनमानस उपस्थित रहे।

 

सहकारिता से आत्मनिर्भर भारत निर्माण का नया अध्याय लिख रहा उत्तराखण्ड : डॉ. धन सिंह रावत

0

प्रदेशभर में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025*

अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के अंतर्गत उत्तराखण्ड में सहकारिता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने हेतु प्रदेशभर में सहकारिता मेलों का सफल आयोजन किया जा रहा है। जनपद पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा एवं बागेश्वर में सहकारिता मेले सकुशल संपन्न हो चुके हैं, जबकि रुद्रप्रयाग एवं पिथौरागढ़ में यह आयोजन जनसहभागिता के साथ निरंतर जारी है।
इसी क्रम में रुद्रप्रयाग के गुलाबराय क्रीड़ा मैदान में आयोजित सहकारिता मेला-2025 के पंचम और अंतिम दिवस के अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत, सहकारिता, उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार ने वर्चुअल माध्यम से जनसमूह को संबोधित किया।

“सहकारिता आंदोलन आत्मनिर्भर भारत का सशक्त आधार” डॉ. धन सिंह रावत

माननीय सहकारिता मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत में सहकारिता एक जनांदोलन का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि “सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक प्रगति का माध्यम है, जिसके बल पर उत्तराखण्ड आत्मनिर्भर भारत निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।”

डॉ. रावत ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में लगभग 30 लाख सहकारी सदस्य सक्रिय हैं और सरकार का लक्ष्य आगामी वर्षों में इस संख्या को 50 लाख तक विस्तारित करने का है। उन्होंने कहा कि राज्य में सहकारिता के माध्यम से रोजगार सृजन, पलायन रोकथाम, ग्रामीण आजीविका संवर्धन तथा महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं।

उन्होंने रुद्रप्रयाग एवं पिथौरागढ़ जनपदों में चल रहे सहकारिता मेलों की सराहना करते हुए कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों तथा सहकारी समितियों को अपने कार्यों का प्रदर्शन करने और विपणन के नए अवसर मिल रहे हैं।

प्रदेश में सहकारिता की गूंज : हर जनपद में सहभागिता और समृद्धि

डॉ. रावत ने बताया कि पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में आयोजित सहकारिता मेलों ने व्यापक जनसहभागिता और आर्थिक जागरूकता को जन्म दिया है।
इन मेलों में किसानों, स्वयं सहायता समूहों, महिला समितियों और युवाओं को विभिन्न योजनाओं जैसे पैक्स कंप्यूटरीकरण, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, किसान कल्याण योजना और माइक्रो एटीएम वितरण कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है।

रुद्रप्रयाग मेला-2025 के पंचम दिवस में श्रीमती पूनम कठैत (अध्यक्ष, जिला पंचायत) एवं मा० श्री भरत चौधरी (विधायक, रुद्रप्रयाग) द्वारा उद्घाटन किया गया।
अध्यक्षता मा० श्री भारत भूषण (जिला अध्यक्ष, भाजपा) द्वारा की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, महिला समूहों एवं कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
तकनीकी सत्र में पैक्स कंप्यूटरीकरण एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

मेले में 05 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के माध्यम से 34 कृषकों को ₹39.31 लाख तथा 01 महिला समूह को ₹4 लाख के चेक वितरित किए गए।
साथ ही नगरासू, नवासू, बरसूड़ी, फाटा एवं उच्छादुगी एमपैक्स समितियों को माइक्रो एटीएम प्रदान किए गए।

सांस्कृतिक सत्र में सरस्वती शिशु मंदिर सतेराखाल के विद्यार्थियों द्वारा “जीत बग्डवाल एवं माधो सिंह भंडारी” पर आधारित लोकनाट्य प्रस्तुत किया गया।
सरस्वती विद्या मंदिर बेलनी की छात्राओं सहित श्रीमती आरती रावत, कुमारी खुशी नेगी एवं श्रीमती अनीता देवी द्वारा प्रस्तुत लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

तकनीकी सत्र में श्री राजेश चौहान (सहायक निबंधक, मुख्यालय), श्री रणजीत सिंह राणा (जिला सहायक निबंधक) एवं श्री सूर्य प्रकाश सिंह (सचिव/महाप्रबंधक) द्वारा पैक्स कंप्यूटरीकरण एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से संबंधित तकनीकी जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम के अंत में मा० सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा सहकारिता विभाग, जिला प्रशासन एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री किशन सिंह रावत, अनुदेशक, जिला सेवायोजन कार्यालय, रुद्रप्रयाग द्वारा किया गया।

श्रीमती विनीता देवी (अध्यक्ष, नगर पंचायत तिलवाड़ा),
श्री सुबोध बगवाड़ी (जिला पंचायत सदस्य),
श्रीमती सी.पी. चमोली (लोकपाल, मनरेगा),
श्री गजेन्द्र रावत (निवर्तमान अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक चमोली),
श्री बाचस्पति सेमवाल (पूर्व सदस्य, बाल अधिकार संरक्षण आयोग बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रवासी सहकारिता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

रुद्रप्रयाग में भव्य रूप से मनाया गया लोक पर्व ईगास, गढ़वाली में संबोधन देकर जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने जीता जनमानस का दिल।

0

*प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा रहे मुख्य अतिथि*

*गढ़वाली में संबोधन देकर जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने जीता जनमानस का दिल*

*‘बाबा केदार सबू तै सुखी राजी खुशी रखन’—गढ़वाली में जिलाधिकारी की भावपूर्ण प्रार्थना*

*लोक संस्कृति और परंपराओं से सराबोर रहा गुलाबराय क्रीड़ा मैदान*

उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था के प्रतीक लोक पर्व ईगास पर आज गुलाबराय क्रीड़ा मैदान में जिला प्रशासन के तत्वाधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० प्रभारी मंत्री रुद्रप्रयाग एवं पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास, चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मा० मंत्री श्री बहुगुणा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात उन्होंने पारंपरिक रूप से भैला जलाकर पर्व का शुभारंभ किया गया। मंत्री श्री बहुगुणा ने स्वयं भैला नृत्य में सहभागिता कर स्थानीय जनमानस के साथ ईगास पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। उन्होंने सभी प्रदेश वासियों को ईगास की हार्दिक शुभकामनाएं दी तथा कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराएं और लोक पर्व हमारी पहचान हैं, जिन्हें संजोकर रखना हम सबका दायित्व है उन्होंने कहा कि बाबा केदार जनपद को विकास के पथ पर यूं ही आगे बढ़ाए, उन्होंने कहा ही इस प्रकार के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को हमारी संस्कृति के बारे में ज्ञात होता है तथा संस्कृति विलुप्त नहीं होगी उन्होंने कहा कि ईगास जैसे उत्तराखंड के पर्वों को न केवल प्रदेश में बल्कि संपूर्ण देश में अलग पहचान देने का हमारा लक्ष्य है उन्होंने कहा कि मा० प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है अगला दशक उत्तराखंड का होगा।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन ने अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली भाषा में करते हुए कहा कि आज उत्तराखंड कु संस्कृति कु संगम ईगास पर्व च। आज अपनी पहाड़ी संस्कृति एवं लोक परंपरा ते याद करणों कु दिन च। आज का दिन मा अपनु पुर्खों की याद मा घर घर मा दीप जालोंण च। यू पर्व अपनु सामूहिक एकता, प्यार, अपनु संस्कार अपनी पहचान कु दिन च। मैं बाबा केदार से प्रार्थना करदू कि बाबा सबू तै सुखी राजी खुशी रखया। उन्होंने सभी “दाना स्याणा, दीदी, भुली, मां, बैणी” को ईगास पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को सुदृढ़ करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में झुमैलो, जागर, मंडाण सहित विभिन्न लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूर्णतः उत्तराखंडी रंग में रंग दिया। मंच पर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

गुलाबराय क्रीड़ा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, दर्जा राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला समूह एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने भैला नृत्य में भाग लेकर लोक पर्व ईगास की सांस्कृतिक गरिमा को जीवंत किया।

 

लोकपर्व इगास पर रुद्रप्रयाग के आपदा प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

0

*मुख्यमंत्री ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्र भौंर का स्थलीय निरीक्षण*

*मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के साथ किया भोजन, कहा—राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है*

*प्रभावित परिवारों से की भेंटवार्ता, दी पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता*

*प्रमुख घोषणाएं:*
*-पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए*
*-बड़ेथ में बनाया जाएगा स्थाई हेलीपैड*
*-ग्राम भौंर में आंगनवाड़ी केंद्र का निर्माण किया जाएगा*
*-जौला से उछोला मोटर मार्ग (1-4 KM) का निर्माण*
*-बड़ेथ मार्केट से बड़ेथ गांव तक मोटर मार्ग (2 km) का निर्माण*
*-भौंर गांव तक दोपहिया वाहन आवाजाही हेतु मोटर सड़क निर्माण के लिए धनराशि प्रदान की जाएगी*
*-छेनागाड़ में बनाया जाए यात्री शेड, बाजार को पुनर्जीवित करने के लिए बनाई जाएगी विस्तृत कार्ययोजना*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी लोकपर्व इगास के अवसर पर आज जनपद रुद्रप्रयाग के तहसील वसुकेदार क्षेत्रान्तर्गत ग्राम भौंर पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों से भेंटवार्ता की तथा राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की स्थलीय समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान जान-माल की क्षति उठाने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक कुलदीप सिंह नेगी वन श्रमिक एवं सते सिंह के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में पांच-पांच लाख रुपये के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं राहत कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी पीड़ित को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने ग्राम भौंर में आपदा प्रभावितों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके अनुभवों और समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत सहायता प्रदान की जाए और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, आवास, तथा संचार व्यवस्था से जुड़ी सभी क्षतिग्रस्त संरचनाओं का त्वरित पुनर्निर्माण किया गया है ताकि लोगों को जल्द से जल्द सामान्य जीवन उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया और उनके साथ समय व्यतीत करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड एक आपदा-संवेदनशील राज्य है, और इसी कारण सरकार ने आपदा प्रबंधन को सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत कार्यों में पारदर्शिता, तत्परता एवं संवेदनशीलता बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित इस क्षेत्र में आपातकालीन परिस्थितियों पर त्वरित कार्रवाई करने हेतु इस क्षेत्र में स्थाई हेलीपैड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्रामीणों की मांग पर ग्राम भौंर में आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने शीघ्र ही इस ग्राम तक मोटर सड़क निर्माण करने, जिससे क्षेत्र में दोपहिया वाहन की आवाजाही हो सके इस हेतु एक करोड़ रुपए की धनराशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने छेनागाड़ में आपदा के दौरान जिन लोगों ने अपने आवास खोए है उनके विस्थापन करने की योजना बनाने हेतु निर्देश दिए तथा जिन लोगों के वाहन आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए है उनको भी मुआवजा देने की बात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत विशेष प्रावधान किए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कठिन समय में धैर्य बनाए रखें और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे त्वरित राहत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, तहसील प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

 

रुद्रप्रयाग में सहकारिता मेला 2025 का तीसरा दिन रहा आकर्षण का केंद्र, ग्रामीण आर्थिकी और महिला सशक्तिकरण पर रहा फोकस।

0

रुद्रप्रयाग। गुलाबराय खेल मैदान रुद्रप्रयाग में चल रहे सहकारिता मेला 2025 के तीसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चण्डी प्रसाद भट्ट, उपाध्यक्ष सीमांत अनुश्रवण परिषद, उत्तराखण्ड द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋतु नेगी, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत रुद्रप्रयाग ने की।।

अपने संबोधन में चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में सहकारिता आंदोलन ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक परिवर्तन ला रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता मेलों के माध्यम से सीमान्त गांवों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और नई समितियों के गठन से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।उन्होंने यह भी बताया कि सहकारिता विभाग द्वारा अब एमपैक्स समितियों को माइक्रो एटीएम मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं आसानी से मिल सकें। विभाग द्वारा ₹5 लाख तक का शून्य ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
श्रीमती किरण नौटियाल ने मुख्यमंत्री एवं सहकारिता मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सहकारिता क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं और किसानों को सरकार निरंतर प्रोत्साहन दे रही है।
वहीं, श्री अनूप सेमवाल ने अपने संबोधन में दीनदयाल योजना के अंतर्गत शून्य ब्याज दर पर दिए जा रहे ऋणों की जानकारी दी।
श्रीमती ऋतु नेगी ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में कार्यरत कृषक एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को सम्मान और सहयोग के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
मेले में कलश संस्था द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रीमती वेदिका सेमवाल, श्रीमती उपासना सेमवाल, श्री मुरली दिवान, श्री जगदम्बा चमोला, श्री अश्विन गौड़, श्री ओमप्रकाश सेमवाल एवं श्री अनूप नेगी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
जी.आई.सी. जवाड़ी एवं अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और लोकनृत्य प्रस्तुतियों से वातावरण को जीवंत बना दिया।
लोक गायिका श्रीमती सीमा गुसाईं ने जागर और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
तकनीकी सत्र में पुलिस विभाग के इंस्पेक्टर श्री मनोज सिंह नेगी ने साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने हैकिंग, फिशिंग, साइबर ठगी, पहचान चोरी, साइबर बुलिंग और रैनसमवेयर हमलों से बचाव के उपाय बताए।
इसके साथ ही सहकारिता विभाग के श्री रणजीत सिंह राणा (जिला सहायक निबंधक) एवं श्री सूर्य प्रकाश सिंह (महाप्रबंधक) ने प्रतिभागियों को सहकारिता योजनाओं जैसे — मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री ई-रिक्शा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आदि की विस्तृत जानकारी दी।
मेले के दौरान 6 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के माध्यम से 24 कृषकों को ₹26.65 लाख तथा 1 महिला समूह को ₹4 लाख के चेक वितरित किए गए।
इसके अतिरिक्त राउरासी, मनसूना, ऊखीमठ, मयकोटी एवं चोपड़ा एमपैक्स समितियों को माइक्रो एटीएम मशीनें भी प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में किरण नौटियाल, जिला पंचायत सदस्य सौराजवाड़ी, अनूप सेमवाल, प्रतिनिधि माननीय सहकारिता मंत्री, मनोज राणा एवं दलवीर नेगी, मण्डल अध्यक्ष, मीना राणा, पूर्व प्रधान, राजेन्द्र नौटियाल, सामाजिक कार्यकर्ता, तथा गजेन्द्र रावत, निवर्तमान अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक चमोली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋतु नेगी द्वारा एवं मंच संचालन किशन सिंह रावत, अनुदेशक, कार्यालय जिला सेवायोजन अधिकारी रुद्रप्रयाग ने किया।

 

थाना अगस्त्यमुनि क्षेत्रान्तर्गत वायरल हो रहे अश्लील वीडियो का व्हट्सएप ग्रुपों में प्रसारण एवं इस वीडियो के आधार पर छवि खराब करने वालों के विरुद्ध हुआ मुकदमा दर्ज।

0

अश्लील वीडियों को विभिन्न व्हट्सएप ग्रुपों में साझा करने वालों तथा ग्रुप एडमिन की भी जिम्मेदारी की गयी है तय।*

थाना अगस्त्यमुनि क्षेत्रान्तर्गत निवासी शिकायतकर्ता ने थाना अगस्त्यमुनि पर शिकायत दी गयी कि एक अश्लील वीडियो के माध्यम से उनकी पुत्री को बदनाम किया जा रहा है, जबकि वह वीडियो उनकी पुत्री का नहीं है। शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर थाना अगस्त्यमुनि पर मु.अ.सं. 44/2025 धारा 79 भारतीय न्याय संहिता, (महिला का अपमान किये जाने हेतु किया गया कार्य/निजता का उल्लंघन) धारा 67ए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (इलेक्ट्रॉनिक रूप में यौन रूप से स्पष्ट कृत्य या आचरण वाली सामग्री प्रकाशित करना/प्रसारित करना) का अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रचलित की गयी है।
प्रकरण के सम्बन्ध में पुलिस के स्तर से की गयी कार्यवाही के बारे में एसपी रुद्रप्रयाग ने जानकारी देते हुए बताया कि एक अलग तरीके की एफआईआर थाना अगस्त्यमुनि पर दर्ज हुई है, किसी पोर्न वीडियो को अपनी गलत सोच के चलते किसी लोकल का बताते हुए वायरल की गयी है, इस पर पुलिस के स्तर से तत्काल कार्यवाही की गयी है। इसमें अब तक 11 लोगों की संलिप्तता सामने आयी है। इस अश्लील वीडियो की वास्तविकता के सम्बन्ध में पुलिस के स्तर से यानडेस्क टूल सहित अन्य विभिन्न टूल्स के माध्यम से जानकारी करने पर पाया कि उक्त वीडियो वर्ष 2023 को विभिन्न पोर्न साइट इत्यादि पर अपलोड किया गया है जिसका सम्बन्ध हैदराबाद से है तथा इस वीडियो का स्थानीय स्तर पर कोई सम्बन्ध नहीं है। यह वीडियो किसी को बदनाम करने के उद्देश्य से शेयर किया गया है। इसमें पुलिस के स्तर से विभिन्न व्हट्सएप ग्रुपों के 4 व्हट्सएप ग्रुप एडमिन पर भी कार्यवाही की गयी है।
पुलिस के स्तर से इस प्रकरण में त्वरित कार्यवाही कर अब तक इस प्रकरण में पुलिस द्वारा 11 व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है, जिनमे से 06 नाबालिग हैं। चिन्हितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। साथ ही इस प्रकरण में संलिप्त अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।
चिन्हितों का विवरण –
1- सुभान्त पुत्र श्री शिव सिंह चौधरी निवासी ग्राम धरसाल, पो. परकण्डी, थाना ऊखीमठ, जनपद रुद्र्रप्रयाग।
2- आदित्य सिंह पुत्र श्री राकेश सिंह नेगी, निवासी ग्राम जयकण्डी, पो. चन्द्रापुरी, थाना अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग।
3- गौरव पुत्र श्री मोहन सिंह निवासी ग्राम रायड़ी, थाना अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग।
4- भरत भण्डारी पुत्र श्री मदन भण्डारी निवासी ग्राम रायड़ी, थाना अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग।
5- हर्षु लाल निवासी ग्राम फलई थाना अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग।

अपील- जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस की आमजनमानस से अपील है कि किसी भी प्रकार की अश्लील सामग्री इत्यादि को किसी दूसरे व्यक्ति के मान सम्मान, उसकी छवि को खराब करने के उद्देश्य से प्रचारित प्रसारित न करें। ऐसा करने पर सम्बन्धित के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

 

सहकारिता मेले में 37.60 लाख रुपये के चैक एवं 05 माइक्रो एटीएम वितरित

0

*स्थानीय ग्रामीणों की आजीविका संवर्धन की दिशा में बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम

जनपद रुद्रप्रयाग में आज से प्रारंभ हुए सहकारिता मेले में सहकारिता विभाग द्वारा पं. दीन दयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के अंतर्गत चैक वितरण एवं माइक्रो एटीएम का वितरण किया गया। इस अवसर पर कुल 37 लाख 60 हजार रुपये की धनराशि विभिन्न स्वयं सहायता समूहों, कृषकों एवं पशुपालकों को वितरित की गई। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

सहकारिता मेले का शुभारंभ जनपद स्तर पर उत्साहपूर्वक किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों — अगस्तमुनि, नगरासू, चन्द्रापुरी, तिलवाड़ा, रतूड़ा एवं जवाड़ी के कृषक एवं स्वयं सहायता समूहों ने प्रतिभाग किया। सहकारिता विभाग द्वारा बताया गया कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है, जिससे स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

मेले में कृषि, डेयरी, सब्जी उत्पादन, फसली ऋण, एवं दुधारू पशु पालन जैसे क्षेत्रों से जुड़े लाभार्थियों को चैक प्रदान किए गए। महाप्रबंधक जिला सहकारी विभाग सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि सहकारिता विभाग द्वारा प्रदत्त माइक्रो एटीएम ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

लाभार्थियों में अगस्तमुनि के अगस्त्य कृषि महिला स्वयं समूह को सब्जी उत्पादन हेतु 5,00,000, नगरासू के हरीश सिंह ग्राम सिन्द्रवाणी को व्यवसाय हेतु 1,50,000, नगरासू के पुष्कर सिंह ग्राम लदोली को खच्चर हेतु 1,50,000, जवाड़ी के दुर्गा स्वयं सहायता समूह को दुधारू पशु हेतु 10,00000 सहित कुल 23 लोगों एवं दो स्वयं सहायता समूहों को कुल 37,60,000 धनराशि आवंटित की गई वहीं आंद्रवाडी, गुप्तकाशी, चौक बाजार, अगस्त्यमुनि, चंद्रापुरी हेतु माइक्रो एटीएम वितरित किए गए।

मेले के दौरान विभिन्न विभागों एवं सहकारी समितियों एवं समूहों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें दुग्ध उत्पादन, जैविक खेती, हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

 

अगस्त्यमुनि विकासखण्ड के जोंदला पाली गांव के ग्रामीण मनवर सिंह बिष्ठ को गुलदार ने उतारा मौत के घाट, जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवार को दी त्वरित आर्थिक सहायता।

0

गुलदार के हमले में ग्रामीण की मौत, जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवार को दी त्वरित आर्थिक सहायता*

*वन विभाग द्वारा प्रभावित परिवार को अग्रिम राहत के तौर पर दिया गया 1 लाख 80 हज़ार का चेक*

*अगस्त्यमुनि विकासखण्ड के जोंदला पाली गांव की घटना*

*रूद्रप्रयाग वन विभाग की टीमें सक्रिय*

*कैमरा ट्रैप और ड्रोन से निगरानी शुरू*

*वन विभाग की क्यू०आर०टी० और आर०आर०टी० टीमें सतर्क मोड पर*

*ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल न जाने की अपील*

जनपद रूद्रप्रयाग के विकासखण्ड अगस्त्यमुनि के जोंदला पाली गांव में आज सुबह गुलदार के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मृत्यु हो गई। ग्राम प्रधान पाली मल्ली द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, श्री मनवर सिंह बिष्ट (उम्र लगभग 55 वर्ष) आज सुबह लगभग 5 बजे अपने घर से हल लगाने हेतु गौशाला की ओर गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान उनका शव गौशाला से कुछ दूरी पर नापखेत क्षेत्र में बरामद हुआ।

*वन विभाग की त्वरित कार्यवाही ,मौके पर पहुंची टीम, तत्काल उपलब्ध करायी आर्थिक सहायता*

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम डीएफओ रुद्रप्रयाग रजत सुमन और उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग भगत सिंह फोनिया के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची और जांच में पुष्टि की कि श्री मनवर सिंह बिष्ट की मृत्यु गुलदार के हमले से हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने क्यू०आर०टी० (Quick Response Team) और आर०आर०टी० (Rapid Response Team) को तत्काल जोंदला पाली क्षेत्र में सक्रिय कर दिया है।टीम द्वारा ग्रामीणों से सहयोग लेते हुए क्षेत्र में व्यापक सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को गुलदार से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।इसके साथ ही प्रभागीय वनाधिकारी, रूद्रप्रयाग रजत सुमन द्वारा तत्काल ही प्रभावित परिवार को अग्रिम राहत के तौर पर 1 लाख 80 हज़ार रुपए का चेक भी प्रदान किया गया।

*कैमरा ट्रैप, ड्रोन और फॉक्स लाइट से की जा रही पूरे इलाके की निगरानी*

सक्रिय क्यू०आर०टी० एवं आर०आर०टी० टीमों द्वारा गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने हेतु कैमरा ट्रैप, ड्रोन, फॉक्स लाइट सहित अन्य आधुनिक उपकरणों की सहायता ली जा रही है।टीम द्वारा विद्यालयी छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें विद्यालय तक पहुंचाने की विशेष व्यवस्था भी की गई है।साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा चुका है और प्रभावित क्षेत्र से लगे सभी संवेदनशील इलाकों में भी टीमों को सतर्क किया गया है।

*वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, दिशा-निर्देश किये जारी*

घटना की जानकारी मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी, रूद्रप्रयाग एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी, रूद्रप्रयाग उप वन प्रभाग मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने क्षेत्र में विशेष टीमों का गठन करते हुए निम्न निर्देश दिए जिसमे गुलदार प्रभावित क्षेत्र में आम जनता को जागरूक करने हेतु अभियान चलाया जाने के आदेश दिए गए है साथ ही साथ वन विभाग की टीमो को गुलदार की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाए साथ ही दिन और रात्रि गश्त को बढ़ाया जा रहा है