बारिश के चलते पहाड़ी से आया मलबा और पत्थर, यात्रियों की आवाजाही पर रोक
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा के बीच मौसम ने एक बार फिर परेशानी बढ़ा दी है। गत रात्रि हुई बारिश के कारण चीरबासा हैलीपैड के समीप केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा और पत्थर आने से मार्ग पुनः अवरुद्ध हो गया है। मार्ग अवरुद्ध होने के बाद प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल सोनप्रयाग और गौरीकुंड में यात्रियों की आवाजाही रोक दी है।
मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) ने संबंधित जेई और डीडीएमए गुप्तकाशी को तत्काल इसकी जानकारी दी। क्षेत्र में अभी भी बारिश जारी होने के कारण फिलहाल मार्ग खोलने का काम शुरू नहीं किया जा सका है।
प्रशासन के अनुसार मौसम सामान्य होने के बाद चीरबासा क्षेत्र में पहुंचे मलबे और पत्थरों को हटाकर पैदल मार्ग को सुरक्षित तरीके से सुचारू करने की कार्रवाई की जाएगी। मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक यात्रियों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति को देखते हुए धैर्य बनाए रखें तथा प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। यात्रियों से अनावश्यक रूप से अवरुद्ध मार्ग की ओर आगे न बढ़ने को कहा गया है।







