ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ के दिव्य कपाट शीतकाल के लिए विधि-विधान से बंद, पंचमुखी उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा केदारनाथ धाम, हजारों श्रद्धालु बने ऐतिहासिक और भावुक पल के साक्षी; अगले छह माह ऊखीमठ में होंगे बाबा केदार के दर्शन।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में समुद्रतल से लगभग 11,755 फीट की ऊंचाई पर स्थित ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही हिमालय की गोद में स्थित केदारपुरी में छह माह तक चलने वाली शीतकालीन पूजा की परंपरा का शुभारंभ हो गया।
कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों और कोनों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु इस अलौकिक क्षण के साक्षी बने। सुबह से ही केदारपुरी में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। मंदिर परिसर बाबा केदार के जयकारों, घंटियों की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय बना रहा। जैसे ही निर्धारित धार्मिक प्रक्रिया के तहत बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए, पूरा धाम हर-हर महादेव और जय बाबा केदार के जयघोष से गूंज उठा।









