11 स्लाइड जोन का उपचार पूरा, 14 पर काम जारी; 60 किलोमीटर मार्ग पर लगाए गए क्रैश बैरियर
रुद्रप्रयाग, 10 अक्टूबर। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के महानिदेशक विनय कुमार राजावत ने जनपद भ्रमण के दौरान केदारनाथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को अलर्ट मोड पर रहते हुए यात्रा मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने NH-07 और NH-107 को जोड़ने वाली 900 मीटर लंबी सुरंग, उसकी एप्रोच सड़क तथा 200 मीटर लंबे पुल से संबंधित सभी सुरक्षा रिपोर्ट तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही इन परियोजनाओं के लोकार्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया, ताकि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें जनता को समर्पित किया जा सके।
उन्होंने यात्रा मार्ग पर मौजूद दुर्गम मोड़ों और जोखिम भरे स्थलों को चिह्नित कर उन्हें सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करने को कहा। बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के संबंध में उन्होंने वर्षा रुकते ही पैच मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
25 संवेदनशील स्थलों के उपचार का कार्य स्वीकृत
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत सरकार की ओर से 25 स्लाइड जोन एवं सिंकिंग जोन के उपचार कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 11 संवेदनशील स्थलों पर उपचार कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 14 स्थलों पर कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सड़क सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से अब तक लगभग 60 किलोमीटर लंबाई में क्रैश बैरियर स्थापित किए जा चुके हैं। महानिदेशक ने सुरक्षा कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी, देहरादून पंकज सिंह, अधिशासी अभियंता अभिषेक, अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार पांडेय, अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय, सहायक अभियंता प्रेरणा जगूड़ी, कनिष्ठ अभियंता राजन राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
— उत्तराखंड 24×7

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here