37.1 C
Dehradun
Monday, June 15, 2026
spot_img
Homeउत्तराखण्ड*श्री ओंकारेश्वर मंदिर से कल भव्य रूप में धाम हेतु प्रस्थान करेगी...

*श्री ओंकारेश्वर मंदिर से कल भव्य रूप में धाम हेतु प्रस्थान करेगी बाबा केदार की उत्सव डोली।

ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं का उमड़ रहा सैलाब, डोली प्रस्थान की तैयारी पूरी।

*आज श्री ओंकारेश्वर मंदिर में सायंकालीन आरती के पश्चात केदारपुरी के क्षेत्र रक्षक भुकुंड भैरव जी की होगी पूजा-अर्चना।

आस्था और श्रद्धा के पर्व के रूप में प्रतिष्ठित श्री केदारनाथ धाम के कपाट वर्ष 2026 की यात्रा हेतु आगामी 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान एवं सनातन परंपराओं के अनुरूप श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के इस शुभ अवसर को लेकर जनपद में व्यापक उत्साह का वातावरण है तथा प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसके साथ ही भगवान केदारनाथ की चल-विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से भव्य एवं पारम्परिक विधि-विधान के साथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। इस उपलक्ष्य में पूरे ओंकारेश्वर मंदिर परिसर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगना भी शुरू हो गया है।
आज श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में सायंकालीन आरती के पश्चात पूर्व परम्परा के अनुसार केदारपुरी के क्षेत्र रक्षक भुकुंड भैरव जी की पूजा-अर्चना की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कल 19 अप्रैल को भगवान श्री केदारनाथ जी की चल-विग्रह उत्सव डोली ऊखीमठ से प्रस्थान कर फाटा पहुंचेगी। इसके उपरान्त 20 अप्रैल को डोली प्रातः फाटा से प्रस्थान कर गौरीकुण्ड स्थित पवित्र गौरीमाई मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा।
डोली यात्रा के अगले चरण में 21 अप्रैल को प्रातः गौरीकुण्ड से प्रस्थान कर भगवान की डोली श्री केदारनाथ धाम स्थित मंदिर भंडार पहुंचेगी। इसके साथ ही धाम में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम विधिवत प्रारंभ हो जाएगा, तथा 22 अप्रैल को प्रातः 8:00 बजे श्री केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं हेतु खोल दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments