• रुद्रप्रयाग। पंचकेदारों में द्वितीय केदार के नाम से प्रसिद्ध भगवान श्री मध्यमहेश्वर धाम के कपाट सोमवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। बाबा मध्यमहेश्वर के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यात्रा का भी समापन हो गया।
    कपाट बंद होने के बाद भगवान मध्यमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो गई है। अब अगले कुछ दिनों तक बाबा की डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी।
    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को बाबा मध्यमहेश्वर की उत्सव डोली धाम से प्रस्थान कर गौण्डार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 17 नवंबर को डोली गौण्डार से रवाना होकर राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी। इसके बाद 18 नवंबर को रांसी से प्रस्थान कर गिरिया गांव में रात्रि विश्राम करेगी। वहीं 19 नवंबर को बाबा की उत्सव डोली गिरिया गांव से प्रस्थान कर शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी।
    डोली के ऊखीमठ पहुंचने पर मंदिर में धार्मिक परंपराओं के अनुसार भव्य स्वागत और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके साथ ही शीतकाल के दौरान भगवान मध्यमहेश्वर की नियमित पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु अब शीतकाल में ऊखीमठ पहुंचकर बाबा मध्यमहेश्वर के दर्शन कर सकेंगे।
    बाबा मध्यमहेश्वर की डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही हिमालयी धाम की धार्मिक परंपराएं शीतकालीन प्रवास में प्रवेश करेंगी। कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था और बाबा के प्रति भक्ति का सिलसिला जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here