राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम आयोजित, विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भरत सिंह चौधरी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार, नवाचार, रचनात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण से ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री चौधरी ने विद्यार्थियों के सपनों, विचारों और आकांक्षाओं को जाना। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहकर युवा देश के विकास में अहम योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों को स्पष्ट लक्ष्य में बदलने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। 
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी, नए विचारों और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश की सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी प्रगति का नेतृत्व करेंगे। ऐसे में युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का उपयोग राष्ट्र निर्माण के लिए करना चाहिए।
विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र प्रतिनिधियों और प्राचार्य ने संस्थान से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री चौधरी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान युवाओं के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। महाविद्यालय से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, महाविद्यालय के प्राचार्य आशुतोष त्रिपाठी, छात्रसंघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह, भगवती नौटियाल, पार्वती गोस्वामी, शीला रावत, अमित प्रदाली, धर्मेंद्र कंडवाल सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









