जखोली के मरंगांव में 14 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड जखोली के मरंगांव में रविवार को एक 14 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भणज, विकासखंड अगस्त्यमुनि निवासी कुमारी स्वाति (14) इन दिनों पढ़ाई के लिए अपने ननिहाल मरंगांव आई हुई थी। वह राजकीय इंटर कॉलेज तैला सिलगढ़ में कक्षा नौवीं की छात्रा थी।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह उसके नाना-नानी चारापत्ती लेने और बकरियां चुगाने के लिए जंगल गए थे। इसी दौरान किशोरी घर पर अकेली थी। करीब 11 बजे जब उसकी नानी घर लौटी और स्वाति को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। घर के अंदर देखने पर किशोरी पंखे से लटकी हुई मिली।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस चौकी मयाली एवं मयाली-मयकंडी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार, घटना के पीछे मोबाइल फोन न दिए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।







