चमोली…
भेंटा से देवराड़ा तक श्रद्धा का सैलाब, कठिन यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान
चमोली। मां नन्दा की प्रचलित जात यात्रा का एक भावुक और महत्वपूर्ण पड़ाव शुक्रवार को तब आया, जब परगना बधाण की देव डोली अपनी वापसी यात्रा पूरी करते हुए ननिहाल सिद्धपीठ धाम देवराड़ा पहुंची। डोली के पहुंचते ही देवराड़ा में ढोल-दमाऊं की गूंज और मां नन्दा के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। परंपरा के अनुसार मां नन्दा अब छह माह के लिए अपने ननिहाल देवराड़ा में विराजमान होंगी।
यात्रा के अंतिम चरण में भेंटा गांव पहुंचे पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार समेत पुलिस अधिकारियों का स्थानीय ग्रामीणों, थोकदारों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। पुलिस अधिकारियों ने मां नन्दा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और जनपद की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया। 
मां नन्दा जात यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच यातायात, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभालना चमोली पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी रही। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार विभिन्न पड़ावों पर ड्यूटी में तैनात रहे।
यात्रा के दौरान बेहतर नेतृत्व और जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज और पुलिस उपाधीक्षक सुशील रावत को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। वहीं, केंद्रीय समिति श्री मां नन्दा देवी राजराजेश्वरी नंदाक बधाण देवराड़ा की ओर से भी यात्रा में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
थराली में व्यापार मंडल ने भी किया सम्मान
यात्रा के बाद थाना थराली में आयोजित कार्यक्रम में व्यापार मंडल थराली ने भी चमोली पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। व्यापारियों ने यात्रा के दौरान यातायात, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए पुलिस के प्रयासों की सराहना की। पुलिस अधीक्षक समेत पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो भेंट किए गए।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि मां नन्दा जात यात्रा जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक आयोजन में ड्यूटी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं होती, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा से भी जुड़ी होती है। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय समितियों, व्यापारियों, ग्रामीणों और आमजन के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
छह माह के लिए ननिहाल में विराजेंगी मां नन्दा
इसके बाद पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारी सिद्धपीठ धाम देवराड़ा पहुंचे और मां नन्दा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। डोली के ननिहाल पहुंचने के साथ जात यात्रा का यह महत्वपूर्ण चरण भावपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
देवराड़ा में डोली के पहुंचते ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। ढोल-दमाऊं की थाप, जयकारों और पारंपरिक आस्था के बीच लोगों ने मां नन्दा का स्वागत किया। यात्रा पूरी होने के बाद अब परंपरा के अनुसार मां नन्दा छह माह तक देवराड़ा में विराजमान रहेंगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक थराली डॉ. जीत राम टम्टा, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, केंद्रीय समिति के अध्यक्ष सुशील रावत, उपाध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी, सचिव पृथ्वी बुटोला, कोषाध्यक्ष प्रेम शंकर सिंह बुटोला, नन्दा देवी बधाण डोली अध्यक्ष नरेश गौड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी, ग्रामीण और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।








