रुद्रप्रयाग, 5 अगस्त। जनपद में पंप हाउसों और हॉटमिक्स प्लांट्स से लगातार हो रही केबल, कॉपर प्लेट्स और मोटरों की चोरी का रुद्रप्रयाग पुलिस ने महज छह दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी करने वाले चार मुख्य आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले तीन कबाड़ियों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 147 कॉपर प्लेट्स, 50.28 मीटर समरसीबल केबल व तांबे की तार (6.284 किग्रा), दो इलेक्ट्रिक मोटरें तथा वारदात में प्रयुक्त दो स्कूटियां बरामद की हैं।
दो मुकदमों का हुआ खुलासा
31 जुलाई को चोपड़ा और डुंगरी स्थित पंप हाउसों से 660 मीटर कॉपर कंडक्टर केबल चोरी होने तथा 1 अगस्त को शिवानंदी स्थित हॉटमिक्स प्लांट से मोटर, केबल और अन्य सामान चोरी होने के मामलों में कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस ने जांच के दौरान मनवर लाल, सुमित उर्फ जे.सी.बी., हृदयराम और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी फरमान, लुकमान और अखलाख उर्फ भूरा को भी गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
मनवर लाल
सुमित उर्फ जे.सी.बी.
हृदयराम
सुनील कुमार
फरमान (कबाड़ी)
लुकमान (कबाड़ी)
अखलाख उर्फ भूरा (कबाड़ी)
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस एवं एसओजी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









