रुद्रप्रयाग। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी के अथक प्रयासों से रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकास खण्ड जखोली के सुदूरवर्ती पूर्वी बांगर क्षेत्र में “छेनागाड़-बक्शीर-खोड़ मोटर मार्ग” के अवशेष 4.75 किमी हिस्से के डामरीकरण हेतु राज्य योजना के अंतर्गत ₹4.02 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इस सड़क के डामरीकरण की मांग की जा रही थी। कच्ची सड़क होने के कारण बरसात के मौसम में आवागमन पूर्णतः बाधित हो जाता था, जिससे गांवों के ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं बीमार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
सड़क डामरीकरण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्वीकृति के उपरांत अब शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के बक्शीर, खोड़, डांगी, भुनालगांव सहित आसपास के गांवों को बारहमासी सड़क की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार पहाड़ के अंतिम गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। और इस दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।









