रुद्रप्रयाग… जनपद रुद्रप्रयाग के तहसील बसुकेदार की ग्राम पंचायत तालजमॎण के जन्दरियाण तोक में इस वर्ष की बरसात एक बार फिर लोगों के लिए भारी संकट लेकर आई है। लगातार हो रही बारिश के चलते पूरा क्षेत्र भूस्खलन की चपेट में आ गया है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।आशीष राणा की गौशाला पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है और रिहायशी मकान पर भी दरारें पड़ गई है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि यहां रहने वाले 10 परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गत वर्ष आई आपदा के दौरान भी इस क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ था। उस समय प्रशासन और शासन स्तर पर सुरक्षा दीवार तथा अन्य सुरक्षात्मक कार्य कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि यदि पिछले वर्ष ही सुरक्षा दीवार और भूस्खलन रोकने के आवश्यक कार्य पूरे कर दिए गए होते, तो इस बार नुकसान की आशंका काफी कम हो सकती थी।

ग्रामीणों के अनुसार लगातार दरकती जमीन और पहाड़ी से गिर रहे मलबे के कारण लोगों के सामने जान-माल का खतरा बना हुआ है। परिवारों को अपने घरों से दूर रहना पड़ रहा है और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

ग्रामीण सुरेंद्र सिंह, अनूप सिंह, आशीष राणा श्रीपाल बिष्ट और द्वारिका सहित अन्य लोगों का कहना है कि घटना के बाद अभी तक शासन-प्रशासन का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करानी चाहिए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए स्थायी सुरक्षा कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here