*8वीं सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट परिसर रुद्रप्रयाग में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ आयोजित हुआ कार्यक्रम*
*मा. विधायक केदारनाथ, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वीर नारियों व शहीद परिजनों को किया सम्मानित*
*स्कूली बच्चों की राष्ट्रभक्ति प्रस्तुतियों को अधिकारियों ने किया पुरस्कृत
रुद्रप्रयाग…कारगिल विजय दिवस की वर्षगांठ के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, रुद्रप्रयाग द्वारा 8वीं सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट के सौजन्य से रेजिमेंट के बास्केटबॉल प्रांगण में ”कारगिल शौर्य दिवस”का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रुद्रप्रयाग पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने शिरकत कर अमर शहीदों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं शहीदों को नमन कर किया गया।
मुख्य अतिथि मा. विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्री विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा संयुक्त रूप से शहीद परिजनों एवं वीर नारियों को शॉल व स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुश्री नीहारिका तोमर तथा 8 सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट के द्वितीय कमान अधिकारी मेजर ओमवीर सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित, अनुशासन और देशभक्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री संतोष रावत, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी श्री अनसूया बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, स्कूली बच्चे एवं जनपद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।









