ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बना पीआरडी जवान प्रदीप, यात्री ने पुलिस का जताया आभार

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान लिंचोली क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ पर्स उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचा दिया। पर्स वापस मिलने पर यात्री ने रुद्रप्रयाग पुलिस और उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, रविवार 4 अक्टूबर को केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग के लिंचोली क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पीआरडी जवान प्रदीप को एक पर्स पड़ा मिला। पर्स में आवश्यक सामान के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मौजूद थे। जवान ने पर्स को अपने पास सुरक्षित रखने के बाद उसके स्वामी की तलाश शुरू की।

काफी प्रयास के बाद पर्स के वास्तविक स्वामी सुनील कुमार चौधरी निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार की पहचान की गई। इसके बाद पर्स को सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दिया गया।

खोया हुआ पर्स वापस मिलने पर सुनील कुमार चौधरी ने रुद्रप्रयाग पुलिस और उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली, तत्परता और ईमानदारी की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया।

केदारनाथ यात्रा के दौरान पुलिस और सुरक्षा बल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी हरसंभव सहायता में जुटे हुए हैं। यात्रा मार्ग पर तैनात जवानों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here