टिहरी में भीषण बस हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 11 लोगों की मौत की सूचना, 26 घायल
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी जनपद में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की सूचना सामने आ रही है, जबकि 23घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, मृतकों की संख्या 11 होने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK09PA-9779 हरिद्वार से चमोली जनपद के कर्णप्रयाग की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे गूलर बाजार के समीप अचानक बस अनियंत्रित होकर पुल से गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
एसडीआरएफ ने चलाया युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी की टीम उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पोस्ट ढालवाला और एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से अतिरिक्त बचाव दल भी मौके पर भेजे गए।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दुर्गम पहाड़ी भूभाग और करीब 100 मीटर गहरी खाई के कारण जवानों को बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
एसडीआरएफ जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे 26 घायलों को बाहर निकाला। घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए विभिन्न अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के शव भी खाई से बाहर निकाले गए।
डीएम और एसएसपी ने संभाली राहत-बचाव की कमान
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विस और अन्य बचाव एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में तलाशी अभियान भी चलाया गया।
मौतों का आंकड़ा बढ़ने की सूचना से मचा हड़कंप
हादसे के शुरुआती घंटों में चार से छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। बाद में आठ लोगों की मौत की सूचना दी गई। अब मृतकों का आंकड़ा 11 बताए जाने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, इस संख्या की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही अंतिम आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा।
पहाड़ की सड़कों पर एक बार फिर हुए इस भयावह हादसे ने यातायात सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
उत्तराखंड 24×7 | फोटो साभार: सोशल मीडिया








