तिलवाड़ा: केदारनाथ राष्टीय राजमार्ग पर रामपुर में बाइक फिसल कर दो लोग घायल हो गए।केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुर पिछले कुछ माह से एक्सीडेंटल जोन बनता जा रहा है पिछले माह ही इस ज़ोन पर एक बाईक सवार की दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया था।आज शुक्रवार सांय फिर से एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शिर्यो के अनुसार ढाई बजे के लगभग तेज गति से आ रही बाइक अचानक सड़क पर रपट गई जिससे बाइक सवार तिलवाड़ा निवासी अनिक नेगी पुत्र मनवर नेगी उम्र18 वर्ष और उच्चादूँगी निवासी विजेंद्र सिंह पुत्र शिशुपाल सिंह घायल हो गए।स्थानीय निवासियों द्वारा आपातकालीन पुलिस सेवा112 को इस हादसे की सूचना दी गई ।जिसके बाद पुलिस द्वारा घायलों को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि लाया गया ।बाइक सवार अनीक नेगी के हाथ पांव पर गहरी चोटे लगी है।जिसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।वही विजेंदर सिंह का प्राथमिक उपचार किया गया है ,जिसकी हालत संतोषजनक है।
दीपावली के शुभ अवसर हेतु बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर फूलों से सजा।
श्री बदरीनाथ/ केदारनाथ धाम: कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी धनतेरस के अवसर पर श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति ने दानीदाताओं के सहयोग से श्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ मंदिर को फूलों से सजाया है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने सभी तीर्थयात्रियों एवं यात्रा से जुड़े संस्थानो -कर्मचारियों सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी है।
सर्दी तथा बर्फ के बीच आज प्रात: से श्री केदारनाथ मंदिर को सजाने का कार्य शुरू हो गया।
कार्याधिकारी आरसी तिवारी ने बताया केदारनाथ मंदिर को ऋषिकेश के दानीदाता के सहयोग से 12 क्विंटल फूलों से सजाया गया है वहीं श्री बदरीनाथ से मीडिया प्रभारी डा, हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ मंदिर में देर शाम तक मंदिर के फूलों से श्रृंगार का कार्य चलता रहा मुंबई के दानीदाता के सहयोग से मंदिर को कमल, गेंदा, गुलाब, चमेली की विभिन्न प्रजातियों के 17 क्विंटल फूलो से बदरीनाथ मंदिर को सजाया जा रहा है।
श्री बदरीनाथ धाम में आज धनतेरस के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें सभी कर्मचारियों को दीपावली की बधाई दी गयी इस अवसर पर बीकेटीसी सदस्य भास्कर डिमरी, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा.हरीश गौड़ आदि मौजूद रहे।
श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू, भकुंट भैरवनाथ के कपाट कल शनिवार को होंगे शीतकाल हेतु बंद
श्री केदारनाथ: । श्री केदारनाथ धाम के कपाट 15 नवंबर प्रात: को शीतकाल हेतु बंद हो जायेंगे। इसी क्रम में केदारपुरी में स्थित बाबा केदार के रक्षक द्वारपाल माने जाने वाले भकुंट भैरव नाथ जी के कपाट शनिवार 11 नवंबर को पूजा-अर्चना व यज्ञ- हवन के पश्चात शीतकाल हेतु अपराह्न तीन बजे बंद हो जायेंगे। इस दौरान केदारनाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। शाम 4 बजे फिर से मंदिर को दर्शनों के लिए खोला जाएगा।
श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि केदारनाथ धाम में स्थित बाबा भैरवनाथ जी के कपाट बंद होने के बाद श्री केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने तक श्री केदारनाथ यात्रा चलती रहेगी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कल शनिवार को दोपहर 12 बजे तक भगवान केदारनाथ के दर्शन होंगे। उसके पश्चात मंदिर की साफ सफाई के बाद मंदिर दर्शनार्थियों के लिए बंद रहेगा तथा अपराह्न 1 बजे मंदिर समिति के पुजारी, धर्माचार्य, वेदपाठी, अधिकारीगण एवं तीर्थ पुरोहित भैरवनाथ जी के कपाट बंद करने हेतु भैरव शिला को प्रस्थान करेंगे।
इस अवसर पर भैरवनाथ जी का आव्हान किया जायेगा। पूजा-अर्चना यज्ञ-हवन के बाद दिन में तीन बजे श्री भैरवनाथ जी के कपाट शीतकाल हेतु बंद हो जायेंगे। तत्पश्चात श्री केदारनाथ मंदिर में चार बजे से दर्शन शुरू हो जायेंगे तथा शाम की आरती पूर्ववत चलती रहेगी।
धनतेरस के दिन जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने आम जनमानस को दिया दिवाली गिफ्ट,अनुमानित मूल्य रुपये साढ़े बारह लाख के खोये हुए कुल 64 मोबाइल फोन किये गये हैं बरामद।
*धनतेरस के दिन जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने आम जनमानस को दिया दिवाली गिफ्ट*
*अनुमानित मूल्य रुपये साढ़े बारह लाख के खोये हुए कुल 64 मोबाइल फोन किये गये हैं बरामद*
जनपद रुद्रप्रयाग में निवासरत आम जनमानस व चारधाम यात्रा में आये श्रद्धालु जिनके किसी कारणवश मोबाइल फोन खो गये थे और उनके स्तर से काफी ढूंढखोज करने पर भी न मिलने पर उनके द्वारा इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस थाने व चौकियों पर की गयी थी। इन खोये हुए मोबाइल फोनों की ढूंढखोज हेतु जनपदीय साइबर सैल व थाना पुलिस के अथक प्रयासों से 64 मोबाइल फोन बरामद हुये हैं। जनपद पुलिस के स्तर से ऐसे भाग्यशाली लोगों को इनके फोन के बरामद होने की सूचना देकर अपना फोन वापस ले जाने हेतु आज पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग में बुलाया गया था।
पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने इन लोगों को उनके खोये हुए मोबाइल फोन वापस किये गये हैं। अपने मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों ने रुद्रप्रयाग पुलिस का आभार प्रकट किया गया है।
कुछ ऐसे भी व्यक्ति हैं, जो कि केदारनाथ यात्रा में आये थे, और उनके फोन खो गये थे, और अब पुलिस के स्तर से बरामद हो चुके हैं, इन लोगों के यहॉं आने में असमर्थ होने पर पुलिस के स्तर से इनके द्वारा दिये गये पते पर कोरियर द्वारा भिजवाये जा रहे हैं।
रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा कुल अनुमानित मूल्य करीबन साढ़े बारह लाख रुपये के 64 खोये हुए फोन सकुशल बरामद कर लोगों को वापस करते हुए दीपावली का उपहार दिया गया है। अपने फोन वापस पाकर इन लोगों के चेहरों की मुस्कुराहट देखते ही बन रही थी।
इससे पहले भी इसी साल माह अगस्त में जनपद पुलिस के स्तर से करीब 10 लाख मूल्य के 55 मोबाइल फोन आम जनमानस को वापस किये गये थे।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने इन मोबाइल फोनों की बरामदगी करने वाली सर्विलांस सैल टीम को नगद पारितोषिक प्रदान किये जाने की घोषणा की गयी है।
केदारनाथ धाम में फिर से खुली भरतीय स्टेट बैंक कि शाखा ।
केदारनाथ:ग्यारहवे ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ धाम में वर्ष 2013 की आपदा के 10 साल बाद sbi ने फिर से अपनी शाखा यंहा पर खोल दी है ।भरतीय स्टेट बैंक की 2013 की आपदा से पूर्व धाम में अपनी शाखा संचालित थी ।लेकिन केदारनाथ आपदा में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा को भी भारी नुकसान उठाना। भलेही बैंक का जो जमा पैसा था वह तिजोरी मिट्टी के ढेर से प्राप्त हो गयी थी जिसमे 3 करोड़ के लगभग रुपया प्राप्त हो गया था।केदारनाथ पुनर्निर्माण के बाद यहां पर साल दर साल लगातार देश विदेश के तीर्थ यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है ।देश विदेश के कोने कोने से आने वाले तीर्थ यात्री नगद धनराशि अपने साथ न लेने में दिक्कते हो रही थी।बैंक की लगातार मांग व यात्रियो की समस्या को देखते हुए आज से पुनः भरतीय स्टेट बैंक ने धाम में ग्राहकों को अपनी सेवा देना शुरू कर दिया है ।
केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत लंबे समय से भारतीय स्टेट बैंक के जोनल अधिकारी से धाम में फिर से शाखा खोलने के लिए पत्रव्यवहार व शासन से मांग करती आ रही है जो आज बैंक शाखा खुलने से विधायक का प्रयास सार्थक हो गया है।धाम में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा खुलने ने केदारनाथ पूर्णिमान कार्यो में काम कर रही कम्पनियों,मजदूरों,मन्दिर समिति व पुरोहित समाज व व्यापारियों ने खुशी जाहिर की है ।
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) मे राज्य स्थापना दिवस की 23वीं वर्षगांठ पूरी गरिमा के साथ हर्षोल्लास से मनाई गई।
चमोली:उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) मे राज्य स्थापना दिवस की 23वीं वर्षगांठ पूरी गरिमा के साथ हर्षोल्लास से मनाई गई।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा परिसर भराडीसैंण में शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और विधानसभा परिसर गैरसैंण (भराड़ीसैंण) से पूरे प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनपद के प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेई जी द्वारा बनाए गए इस युवा उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ हमें निरंतर प्रयास करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड का चहुंमुखी विकास हो रहा है और हम भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की ओर अग्रसर हैं। हमारा प्रदेश आज 23 वर्ष का हो गया है। इस 23वें साल में उत्तराखण्ड ने देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून को लागू होते हुए देखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने मातृशक्ति के हित में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया है। समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट लगभग तैयार हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये केदारखंड के साथ मानसखंड का भी विकास किया जा रहा है। भ्रष्टाचारियों पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है। स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से नारीशक्ति को सशक्त किया जा रहा है। शिक्षा एवं खेल नीति के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। उत्तराखण्ड में चारधाम, कैंचीधाम एवं कांवड़ यात्रा के माध्यम से नए रिकॉर्ड बन रहे है। प्रदेश में रोड, रेल, रोपवे निर्माण के क्षेत्र सहित बहुप्रतीक्षित जमरानी बांध परियोजना को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने हेतु लैंड जिहाद एवं लव जिहाद को रोकने के लिए सख्ती से काम किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड को देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उत्तराखण्ड की प्रगति एवं विकास हमारा एकमात्र लक्ष्य है, इस ध्येय की प्राप्ति के लिए हम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम में जुटे हैं। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का हमारा संकल्प है। सभी के सहयोग से हम इस संकल्प को पूर्ण करने में अवश्य सफल होंगे।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने भराडीसैंण क्षेत्र के विकास के लिये कई घोषणायें भी की। जिसमें कारगिल शहीद स्व0 रणजीत सिंह आगरचटटी झिंनगोड मोटर मार्ग का डामरीकरण, भराडीसैण सारकोट मोटर मार्ग का डामरीकरण, रिखोली डिग्री कालेज मोटर मार्ग का निर्माण के साथ ही मेहलचौरी मेला, कृषि उद्यान एवं पर्यटन विकास मेला गैरसैंण, पर्यावरण संबंर्द्धन पर्यटन विकास मेला नन्दासैण को 2-2 लाख देने की घोषणा शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसेंण-बुंगीधार मोटर मार्ग डबल लेन करने हेतु भी जल्द इसका आंकलन कराके स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
प्रदेश के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डा.धन सिंह रावत ने प्रदेश वासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आज स्वास्थ्य, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विकास की ओर निरंतर अग्रसर है। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री और टीवी मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने कहा की मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में हमारा प्रदेश निरतंर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने जिले में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सीएम का आभार व्यक्त करते विधानसभा क्षेत्र से सात सूत्री मांग भी मुख्यमंत्री के सम्मुख रखी।
राज्य स्थापना दिवस पर पुलिस एवं एनसीसी जवानों ने विधानसभा परिसर में भव्य सेरेमोनियल परेड का आयोजन किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं एवं सांस्कृतिक दलों ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भराडीसैंण में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, राज्य मंत्री रमेश गडिया, ब्लाक प्रमुख शशि सौर्याल, पुलिस महानिरीक्षक के.एस नगन्याल, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ डा.ललित नारायण मिश्र, एसडीएम संतोष कुमार सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, स्थानीय जनता, स्कूली बच्चे आदि मौजूद रहे।
अगस्त्यमुनि विकास खण्ड की न्याय पंचायत सतेराखाल स्तरीय खेल महाकुंभ का हुआ उद्घाटन।
रुद्रप्रयाग:आज शहीद भरत सिंह रा इ काॅ मालतोली के क्रीड़ा मैदान में न्याय पंचायत सतेराखाल खेल महाकुंभ का उद्घाटन क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश लाल टमटा, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष राजपाल सिंह नेगी और प्रधानाचार्य रा इ काॅ मालतोली ओमप्रकाश सेमवाल के कर कमलों से हुआ।
इस अवसर पर नारी, खतेणा, स्युपुरी, दरम्वाड़ी एवं राजीव गांधी नवोदय विद्यालय मालतोली के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।इस अवसर पर कबड्डी,एथेलेटिक्स (लम्बी कूद, दौड़,गोला, फेंक,चक्का फेंक )आदि खेल आयोजित किए गए। जिनमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। अतिथि वर्ग ने कहा कि हमें खेल भावना से खेलना चाहिए और हर प्रतियोगिता में और भी आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर संयोजक मंडल के व्यायाम शिक्षक अक्षित लौहान,आशीष चमोला, कुलदीप बिष्ट,विशन नेगी, मोहन सिंह पंवार आदि अध्यापकों ने खेल प्रतियोगिताएं संपन्न कराने में सहयोग प्रदान किया।
खेल महाकुंभ प्रतियोगिता परिणाम
1-कबड्डी अंडर 14 बालक एवं बालिका वर्ग विजेता – राजीव गांधी नवोदय विद्यालय मालतोली
2-कबड्डी अंडर 17 बालक एवं बालिका वर्ग विजेता – ग्राम नारी
3-100 मी दौड़ अंडर 17 विजेता – मेघा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय
4- 100 मी बालक वर्ग अंडर 17 – अनुज ग्राम नारी
5- 200 मी बालक वर्ग अंडर 17 -गगन ग्राम नारी
6- 400 मी अंडर 17 विजेता – ऋतु राज ग्राम नारी
7- 800 मी अंडर 17 विजेता – पीयूष ग्राम खतेणा
8- 600 मी बालिका वर्ग विजेता – मानसी ग्राम स्युपुरी
9- लम्बी कूद अंडर 17 विजेता – सृष्टि ग्राम नारी
10- ऊंची कूद विजेता सिया नवोदय विद्यालय मालतोली
इस अवसर पर गिरीश जोशी, कीर्तन सिंह रौथाण, ललित मोहन सेमवाल, सुरेश मलासी, महिपाल लाल कोहली, दर्वान सिंह नेगी,अजय बिष्ट आशा भट्ट, पूजा नेगी, आरती पुण्डीर, सुमति पुरोहित,अंजु खण्डूड़ी सहित कई ग्रामीण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रुद्रप्रयाग में 23वां राज्य स्थापना दिवस धूमधाम एवं हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया।
*मुख्य कार्यक्रम अगस्त्यमुनि खेल मैदान में हुआ आयोजित*
*कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को किया गया सम्मानित*
23वां स्थापना दिवस जनपद में धूमधाम से मनाया गया। सभी स्कूलों-काॅलेजों सहित अन्य संस्थानों में इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। वहीं मुख्य कार्यक्रम अगस्त्यमुनि खेल मैदान में आयोजित हुआ जहां पर जिलाधिकारी डाॅ. सौरभ गहरवार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा जनपद के शहीद राज्य आंदोलनकारी यशोधर बेंजवाल की पत्नी श्रीमती उमा देवी बेंजवाल व अशोक कैशिव के भाई मनोज कैशिव को शाॅल ओढ़कर सम्मानित किया गया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लाभार्थियों को पुरस्कृत व सम्मानित किया गया।
जिसमें कृषि विभाग द्वारा पांच लाभार्थियों, उद्यान विभाग के पांच लाभार्थी, डीडीआरडी रुद्रप्रयाग द्वारा 08 लाभार्थी, युवा कल्याण विभाग द्वारा 06 लाभार्थियों, डेयरी विकास द्वारा 12 लाभार्थियों, खेल विभाग द्वारा 05 पदक विजेताओं, मत्स्य विभाग द्वारा 04 लाभार्थियों को, पशुपालन विभाग द्वारा 05 लाभार्थियों को खंड विकास अगस्त्यमुनि द्वारा 06 लाभार्थियों, ऊखीमठ द्वारा 04 तथा जखोली द्वारा 05 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
गुरुवार को खेल मैदान अगस्त्यमुनि में आयोजित समारोह का उद्घाटन जिलाधिकारी ने राज्य ध्वज फहरा कर किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिसके बाद उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित स्टाॅलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग, उरेडा खेल एवं बाल विकास विभाग के स्टाॅलों पर लगी सामग्री एवं माॅडलों की जानकारी भी ली। कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान में आयोजित मंदाकिनी शरदोत्सव में भी जिलाधिकारी ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि जनपद विकास के पथ पर अगसर है तथा जिला प्रशासन सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनपद, राज्य एवं देश की तरक्की के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अमरदेई शाह ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राज्य बनाने से लेकर राज्य चलाने एवं आर्थिकी सुधार में मातृशक्ति का बड़ा योगदान है। हालांकि अब भी रोजगार के क्षेत्र में बड़े सुधार की आवश्यकता है, जिसके लिए केंद्र एवं राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक केदारनाथ श्रीमती शैला रानी रावत ने सभी को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज गौरव का दिन है कि आज हम अगस्त्य़ ऋषि की तपोभूमि में राज्य स्थापना दिवस को मना रहे हैं। उन्होंने राज्य के गठन के लिए शहादत देने वाले शहीदों का याद किया। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों को अपने क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने देश-राज्य के लिए शरहद पर जाकर लड़ना ही विकल्प नहीं है, सभी लोग अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज के उत्थान के लिए काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें युवा एवं ऊर्जावान जिलाधिकारी मिले हैं तथा जनता को भी उनसे काफी उम्मीदें हैं कि वे जनपद को विकास के पथ पर अग्रसर करने पर उनकी एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा केदारनाथ धाम से हम सभी को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं तथा इस बार जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने से रिकाॅर्ड यात्रियों द्वारा बाबा केदारनाथ के दर्शन किए जो अपने आप में ऐतिहासिक क्षण हैं। उन्होंने कहा कि खेले मेले हमारी संस्कृति एवं परंपरा की धरोहर हैं तथा इनको संजोए रखने के लिए जो भी मेले-त्योहार होते हैं उसके लिए उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को केदारनाथ विधानसभा के अंतर्गत संचालित 20 मेलों का आॅडिट करवाने की भी बात कही। विधायक ने कहा कि मेलों को विधायक निधि से दिए जा रहे धन का आॅडिट होने के बाद पारदर्शिता तो बढ़ेगी ही धन आवंटित करने में भी सहूलियत होगी। इस अवसर पर एनसीसी, एनएसएस सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया गया। वहीं युवा कल्याण विभाग द्वारा क्षेत्र की विभिन्न महिला मंगल दलों एवं सूचना विभाग की टीम व विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पंचायत अगस्त्यमुनि श्रीमती अरुणा बेंजवाल, ब्लाॅक प्रमुख श्रीमती विजया देवी व जिलाध्यक्ष भाजपा महावीर सिंह पंवार ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही सभी को 23वें राज्य स्थापना दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर अध्यक्ष केदारनाथ नगर पंचायत देवप्रकाश सेमवाल, सदस्य बीकेटीसी श्रीनिवास पोस्ती, पुलिस अधीक्षक डाॅ. विशाखा अशोक भदाणे, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी बीर सिंह बुदियाल, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य शिक्षा अधिकारी हेमलता भट्ट, उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी शरत सिंह भंडारी, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, निबंधक सहकारिता रणजीत सिंह राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. अखिलेश मिश्रा, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि प्रवीण भट्ट, मेला समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल, संयोजक विक्रम सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
केदारनाथ यात्रा काल में रुद्रप्रयाग पुलिस कार्य रहा बड़ा ही प्रशंसनीय:पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को संपंन होने में अब एक सप्ताह से भी कम समय शेष रह गया है ऐसे में पुलिस द्वारा केदारनाथ में इस साल की गई व्यवस्थाओं और कार्यो को लेकर पुलिस भी संतोष व्यक्त कर रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने पत्रकार वार्ता में केदारनाथ यात्राकाल में अब तक के पुलिस प्रबन्धन व पुलिस द्वारा किए कार्यो की व्यापक जानकारी दी।
जनपद में अभी तक यात्रा के चलते हुई 15,88,56 यात्री वाहनों की आवाजाही
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी विशाखा ने बताया कि इस वर्ष 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट देश-विदेश के तीर्थयात्रियों के दर्शनार्थ खोले गए हैं जबकि आगामी 15 नवम्बर को केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे। करीब 7 माह की यात्रा में अवधि में पुलिस को भले ही कुछ चुनौतियां भी आई किंतु काफी कुछ सीखने को मिला है। इस दौरान नियुक्त पुलिस बल ने पूरे मनोयोग से कार्य किया और अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। आज की तिथि तक केदारनाथ में कुल 19,45,971 तीर्थयात्रियों ने दर्शन कर लिए हैं जबकि इस दौरान करीब 15,88,56 यात्री वाहन जनपद में आए।
सफल रहा पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान, 355 बिछड़े लोगों को मिलाया
एसपी ने बताया कि इस बार की यात्रा में रुद्रप्रयाग पुलिस के स्तर से ऑपरेशन मुस्कान शुरू किया गया जिसमें विशेष रूप से केदारनाथ धाम आए तीर्थयात्रियों को उनके परिजनों से मिलवाने, मोबाइल फोन खाने पर वापस दिलाने, जरूरी सामग्री खोने पर वापस दिलाने की कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा कुल 355 बिछड़े हुए व्यक्ति मिलवाए गए जबकि 125 खोये हुए मोबाइल फोन ढूंढकर वापस दिलाए गए। 160 अन्य जरूरी एवं कीमती सामान वापस दिलाया गया।
तीर्थयात्रियों की मदद के लिए पांच भाषाओं में लगाए फ्लैक्सी बोर्ड एवं मल्टीलिंग्वल बोर्ड
उन्होंने बताया कि पुलिस स्तर से यात्रा मार्ग में 7 खोया पाया केन्द्र बनाए गए। इन सभी केन्द्रों पर एक-एक महिला पुलिस कार्मिकों की तैनाती की गई। यात्रा में आए विभिन्न राज्यों के श्रद्धालुओं को उनकी भाषा में समझने के हिन्दी, अंग्रेजी, तमिल, मराठी, गुजराती आदि भाषा में निर्देशों संबंधी मल्टीलिंग्वल बोर्ड, फ्लैक्सी लगाए गए। यात्रा हैल्पलाइन नवम्बर 7579257572 पर अब तक कुल 1850 कॉल्स प्राप्त हुई हैं। जिसमें आवश्यक जानकारी एवं मदद की गई। यात्रा के पीक में कुल 3 पुलिस उपाधीक्षक, 11 निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 30 अपर उपनिरीक्षक, 240 मुख्य आरक्षी, 210 आरक्षी, 55 महिला आरक्षी, 63 होमगार्ड, 213 पीआरडी, 1 कम्पनी, 2 प्लाटून पीएसी, 8 सबटीम एसडीआरएफ, 6 यूनिट फायर सर्विस व 1 सैक्शन जल पुलिस की तैनाती रही। यात्रा काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 230 पुलिस कार्मिकों को पुलिस अधीक्षक के स्तर से सम्मानित किया गया है। 15 अगस्त के मौके पर 2 पुलिस उपाधीक्षक, 2 उपनिरीक्षक व 1 आरक्षी सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित हुए हैं। यात्रा के साथ ही पुलिस के स्तर से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा गया।
अभी तक 19,45,971 तीर्थयात्रियों ने कर दिए बाबा केदार के दर्शन
विशेषकर अवैध शराब की शिकायतों पर पुलिस के स्तर से निरन्तर कार्यवाही की गई। पुलिस के स्तर से आबकारी अधिनियम के कुल 103 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें से 131 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 4750 बोतल शराब, 72 बीयर व 5 लीटर कच्ची शराब की बरामदगी की गई है। जिसका अनुमानित मूल्य 28,50,780 है। एनडीपीएस एक्ट के 8 अभियोग पंजीकृत, 9 अभियुक्तों की गिरफ्तारी, 1.420 कि0ग्रा0 चरस व 4.71 ग्राम स्मैक की बरामदगी की गई है। हैलीकॉप्टर टिकटों के नाम पर होने वाली ठगी के कुल 8 अभियोग पंजीकृत अब तक 5 गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस बार की यात्रा के अनुभवों से भविष्य में यात्रा को और भी बेहतर किया जाएगा।
उत्तराखण्ड में फिर बदला मौसम का मिजाज,केदारनाथ में बर्फवारी हुई शुरू।
केदारनाथ : मौसम विभाग ने पूरे प्रदेशभर के लिए एक बार फिर से पूर्वानुमान जारी किया है,मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आने वाले दो से तीन दिनों तक मौसम बदलने का अनुमान है, मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि 9 और 10 नवंबर को प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों जैसे उत्तरकाशी,चमोली,रुद्रप्रयाग पिथौरागढ़ इत्यादि में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है वहीं अगर बात करें 10 नवंबर की तो 10 नवंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है,जिसके चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड बढ़ने के आसार है,हालांकि 11 नवंबर से मौसम साफ रहने का अनुमान मौसम विभाग जता रहा है
वही जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित केदारनाथ धाम में बर्फवारी हो रही है। इस वर्ष के यात्रा को तकरीबन अब एक सप्ताह का समय शेष रह गया है। केदारनाथ धाम में हो रही बर्फवारी के चलते यहॉं पर अत्याधिकश सर्दी व ठण्ड बढ़ गयी है। ऐसे में केदारनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं से आग्रह है कि वे अपने साथ अनिवार्य रूप से गर्म कपड़े, जैकेट, दस्ताने, बरसाती, जरूरी दवाईयां इत्यादि लेकर अवश्य चलें।
इस वर्ष अब तक कुल 19,41,347 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर लिये हैं।















