देहरादून। प्रदेश में विद्यार्थियों को उनके ही क्षेत्र में बेहतर और सुगम शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने 19 राजकीय विद्यालयों का उच्चीकरण किया है। इसके साथ ही इन विद्यालयों में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर संवर्ग के 218 पद भी सृजित किए गए हैं।

सरकार के अनुसार, उच्चीकरण की प्रक्रिया के तहत एक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा 18 राजकीय हाईस्कूलों को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया गया है। विद्यालयों का उच्चीकरण होने से संबंधित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के विद्यालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
सरकार का कहना है कि विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित तैनाती के साथ आवश्यकता के अनुरूप विद्यालयों को उच्चीकृत कर उन्हें अधिक संसाधनयुक्त बनाया जा रहा है। इसी क्रम में नए पदों के सृजन से उच्चीकृत विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सरकार के इस फैसले से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर ही उच्च कक्षाओं की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी राहत मिलेगी।









