ऋषिकेश से दबोचा, कोर्ट में पेशी के बाद चमोली जेल भेजा
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के नाम पर फर्जी हेली टिकट बुकिंग कर श्रद्धालु से करीब पांच लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी (चमोली) भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली गुप्तकाशी में अगस्त माह में मु.अ.सं. 29/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता करण गुजराल, निवासी पुणे, महाराष्ट्र ने हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी किए जाने की तहरीर दी थी। मामले की जांच के दौरान आरोपी राहुल थापा पुत्र स्व. राम थापा, निवासी शीशमबाड़ा, शेरपुर, देहरादून का नाम प्रकाश में आया।
पुलिस टीम ने आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराता था। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने कुछ होटल संचालकों और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों के संबंध में भी जानकारी दी है। पुलिस मामले में इन पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश सती, चौकी प्रभारी फाटा और मुख्य आरक्षी जयप्रकाश शामिल रहे।
अधिकृत वेबसाइट से ही करें हेली टिकट बुक
रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in से ही करें। किसी अनधिकृत वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक या अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर भुगतान न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here