चार्ज अधिकारियों को प्रक्रिया, दायित्व और तकनीकी पहलुओं की दी गई जानकारी
रुद्रप्रयाग। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार से जिलाधिकारी कार्यालय सभागार रुद्रप्रयाग में शुरू हुआ। 22 एवं 23 सितंबर को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने उपस्थित चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्य से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को गंभीरता और विस्तार से समझने तथा प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में तहसीलदार, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान जनगणना कार्य की प्रक्रिया, अधिकारियों के दायित्व और विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
जनगणना निदेशालय की ओर से संयुक्त निदेशक संजीव कुमार तथा मास्टर ट्रेनर नितीश रावत एवं गौरव पुरोहित प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए जनगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here