SIR-2026 के तहत केदारनाथ और रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन
रुद्रप्रयाग। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जनपद रुद्रप्रयाग की दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 07-केदारनाथ और 08-रुद्रप्रयाग की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन शुक्रवार, 3 अक्टूबर 2026 को कर दिया गया। अंतिम मतदाता सूची संबंधित सभी मतदेय स्थलों पर उपलब्ध करा दी गई है।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम सिंह राणा ने बताया कि अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली आम लोगों के अवलोकन के लिए संबंधित निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों के साथ-साथ जिला निर्वाचन कार्यालय, रुद्रप्रयाग में भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदेय स्थल पर तैनात बीएलओ के माध्यम से अथवा निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अच्छी तरह जांच लें। किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों को नाम दर्ज कराने का मौका
ऐसे नागरिक जिन्होंने 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या कर रहे हैं और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रारूप-6 में आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन कर सकते हैं।
वहीं किसी मतदाता की मृत्यु, विवाह या स्थानांतरण होने की स्थिति में नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 में आवेदन किया जा सकता है।
नाम-पता समेत अन्य विवरण में भी करा सकते हैं संशोधन
मतदाता सूची में दर्ज नाम, पिता का नाम, आयु, लिंग, पता आदि में संशोधन कराने के लिए प्रारूप-8 में आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा एक मतदेय स्थल से दूसरे मतदेय स्थल अथवा एक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में नाम स्थानांतरित कराने के लिए भी निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया जा सकता है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अर्ह नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता होने पर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय रुद्रप्रयाग में निर्धारित प्रारूप के माध्यम से आवेदन करें।








